पटना। शहर के लोदीपुर अग्निशमन क्षेत्र अंतर्गत राजापुर पुल (गेट नंबर-31) के पास गुरुवार तड़के एक मेडिकल स्टोर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के अंदर रखी लाखों रुपये की दवाएं और कीमती फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गए।

​अहले सुबह मची अफरा-तफरी

​घटना गुरुवार सुबह करीब 3 बजे की है। दुकान बंद थी, लेकिन अचानक शटर के भीतर से आग की ऊंची लपटें और धुआं निकलने लगा। सन्नाटे के बीच आग की भयावहता देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए और फौरन डायल 112 व दमकल विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले लोगों ने निजी स्तर पर पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

​दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा

​सूचना मिलते ही लोदीपुर से अग्निशमन की 3-4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण खतरा काफी बढ़ गया था। हालांकि, दमकल कर्मियों ने करीब 30 से 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि अगर समय पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग आसपास के रिहायशी घरों तक फैल सकती थी।

​शॉर्ट सर्किट की आशंका

​इस अग्निकांड में मेडिकल स्टोर का सारा स्टॉक, फर्नीचर और काउंटर स्वाहा हो गया है। दुकानदार के अनुसार नुकसान लाखों में है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन अभी भी मामले की गहराई से जांच कर रहा है ताकि सही कारणों का पता लगाया जा सके।