पटना। राजधानी के भूतनाथ रोड स्थित निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन पर एक हृदयविदारक हादसा हुआ। स्टेशन निर्माण के दौरान एक भारी-भरकम क्रेन और कंक्रीट स्लैब के बीच एक मजदूर बुरी तरह फंस गया। गनीमत रही कि समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा अनहोनी टल गई। घायल मजदूर की पहचान सीवान जिले के सतीश कुमार के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम भूतनाथ मेट्रो स्टेशन पर क्रेन की मदद से भारी स्लैब को अपनी जगह पर सेट किया जा रहा था। इसी दौरान नीचे काम कर रहे सतीश कुमार अनियंत्रित मशीनरी और भारी स्लैब की चपेट में आ गए। देखते ही देखते वह स्लैब के नीचे दब गए, जिससे निर्माण स्थल पर चीख-पुकार मच गई।
मदद के बजाय वीडियो बनाने में जुटे थे सहकर्मी
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने निर्माण कार्य में लगे अन्य कर्मियों पर संवेदनहीनता के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि जब सतीश स्लैब के नीचे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था, तब उसके कुछ सहकर्मी मदद के लिए हाथ बढ़ाने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में मशगूल थे। कर्मियों की इस लापरवाही को देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
जब सिस्टम और सहकर्मी मूकदर्शक बने रहे, तब आसपास के स्थानीय लोगों ने कमान संभाली। उन्होंने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सतीश को मलबे और भारी स्लैब के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई ने ही सतीश को नई जिंदगी दी है।
फिलहाल खतरे से बाहर है मजदूर
हादसे के बाद घायल सतीश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेट्रो की जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) अर्चना खुशी ने बताया कि मजदूर की स्थिति अब स्थिर है। उन्होंने कहा, मजदूर का MRI कराया गया है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की टीम उसे अपनी निगरानी में रखे हुए है, पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उसे छुट्टी दी जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

