कुंदन कुमार/पटना। वासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। राजधानी में मेट्रो सेवा का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी और खेमनीचक रूट का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब पटना के एक बड़े हिस्से में सफर करना बेहद आसान और तेज हो गया है।
सीएम ने लिया मेट्रो का सफर
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं मेट्रो में यात्रा की। उन्होंने एक आम नागरिक की तरह टिकट खरीदा और गेट पास के जरिए मैग्नेटिक गेट से प्लेटफॉर्म में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक का लगभग 3 किलोमीटर का सफर महज 5 मिनट में पूरा किया। इस दौरान मेट्रो के डिस्प्ले बोर्ड पर पटना मेट्रो में मुख्यमंत्री जी का स्वागत है का संदेश प्रमुखता से चमक रहा था।

15 मिनट में तय होगा 6.2 किमी का सफर
इस नए विस्तार के साथ, अब आईएसबीटी (ISBT) से मलाही पकड़ी तक कुल 6.2 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक चालू हो गया है। इस पूरी दूरी को तय करने में अब केवल 15 मिनट का समय लगेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है।
मेट्रो सेवा के बारे में मुख्य बिंदु:
- स्टेशन: यात्रियों को अब मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशनों पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी।
- समय सारणी: मेट्रो हर 35 मिनट पर उपलब्ध होगी। एक चक्कर पूरा करने में लगभग 35 मिनट का समय लगेगा।
- विशेष नोट: खेमनीचक स्टेशन का निर्माण कार्य अभी पूर्ण न होने के कारण फिलहाल वहां स्टॉपेज नहीं होगा।
लाखों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
पटना मेट्रो के इस विस्तार से विशेष रूप से कंकड़बाग से बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों को भारी राहत मिलेगी। शहर के अंदर मेट्रो परिचालन से ट्रैफिक की समस्या कम होगी और लाखों लोगों का समय बचेगा। हालांकि, तकनीकी कारणों से आज मेट्रो सेवा सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी, जिसके बाद इसे पुनः सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट पटना को आधुनिक परिवहन सुविधा से लैस करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

