पटना। बिहार की राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित सचिवालय कॉलोनी के ‘राधे कृष्णा हॉस्टल’ में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां नीट (NEET) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा श्रुति कुमारी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से इस हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
हॉस्टल में मिली लाश, दोस्तों ने किया खुलासा
घटना की जानकारी तब हुई जब बगल के कमरे में रहने वाली छात्रा अंशु ने श्रुति को काफी देर तक बाहर नहीं देखा। अंशु ने बताया कि उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा धक्का देने पर खुल गया और अंदर श्रुति का शव पंखे से लटका मिला। यह मंजर देख छात्राएं सन्न रह गईं।
फोन कॉल और रोने का सिलसिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रुति का व्यवहार बीते कुछ दिनों से काफी शांत था। उसकी सहेली अंशु ने बताया कि सोमवार रात वह किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी। बातचीत खत्म होने के बाद वह रोते हुए उसके पास आई थी। वह बेहद परेशान थी और लगातार रो रही थी। अंशु ने उसे संभालने की काफी कोशिश की और कहा कि कुछ गलत मत करना, अपने माता-पिता के पास चली जाओ। इसी दौरान श्रुति ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा था कि अब उसके माता-पिता भी उससे बात नहीं करते।
परिजनों का गंभीर आरोप
मृतका के रिश्तेदार अमरेंद्र कुमार कर्ण ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि श्रुति की मां शिक्षिका हैं और पिता किसान हैं। अमरेंद्र ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि श्रुति को पिछले काफी समय से एक लड़का परेशान कर रहा था। उनका मानना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। हॉस्टल की ऑनर आभा सिंह ने बताया कि कोर्स पूरा होने के बाद वह घर गई थी और करीब 10 दिन पहले ही वापस लौटी थी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पत्रकार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। फिलहाल, पुलिस मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि उस लड़के की पहचान हो सके जो उसे परेशान कर रहा था। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

