पटना। राजधानी के बाढ़ अनुमंडल स्थित पंडारक थाना क्षेत्र में होली के दिन एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां अबीर खेलने निकले तीन दोस्तों को एक अनियंत्रित अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

​खुशियां मनाने निकले थे दोस्त

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंडारक निवासी 32 वर्षीय भुल्ला अपने दो साथियों, हरिहर महतो और झौरी महतो के साथ गांव में अबीर खेलने और त्योहार की खुशियां बांटने निकले थे। झौरी महतो ने बताया कि वे अपनी साली के साथ होली खेलने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक गड्ढे में जाकर पलट गई।

​एक की मौत, दो घायलों की स्थिति नाजुक

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने भुल्ला को मृत घोषित कर दिया, वहीं हरिहर और झौरी महतो का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

​चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना अध्यक्ष नवनीत राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की है कि टक्कर मारने वाला वाहन गड्ढे में पलटा हुआ मिला है, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस वाहन को जब्त कर फरार ड्राइवर की तलाश में छापेमारी कर रही है।