पटना। राजधानी के पॉश इलाके पाटलिपुत्र में सोमवार को अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े 20 लाख रुपए की बड़ी लूट को अंजाम दिया। अल्पना मार्केट की गली में हथियारबंद बदमाशों ने एक कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मी को रोककर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
बैंक जाने के दौरान रास्ते में घेराबंदी
पीड़ित की पहचान पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत हैं। सोमवार दोपहर पंकज अपनी स्कूटी से साईं मंदिर के पास से कलेक्शन किए हुए 20 लाख रुपए लेकर बोरिंग रोड स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह अल्पना मार्केट की गली के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें दोनों तरफ से घेर लिया।
हथियार के बल पर वारदात
पीड़ित पंकज के अनुसार, बदमाशों ने उनके सीने पर कट्टा (देसी कट्टा) सटा दिया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पंकज ने बताया कि, पैसे जमा करने की जानकारी केवल संस्थान के चुनिंदा लोगों को ही थी। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि अपराधियों को पंकज के रूट और समय की पहले से सटीक जानकारी थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया।
SIT का गठन और सीसीटीवी से सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना सेंट्रल SP दीक्षा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। स्थानीय दुकानदारों और ठेले वालों से भी पूछताछ कर हुलिए की पुष्टि की गई है।
बेगूसराय तक छापेमारी
पुलिस की शुरुआती जांच के तार बेगूसराय से जुड़ रहे हैं। पुलिस ने सैफ नाम के एक संदिग्ध को बेगूसराय से हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर पटना और बेगूसराय के विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही लूट की रकम और अपराधियों को दबोच लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

