पटना। बिहार में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। पटना जिले में 20 थानेदारों और पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दानापुर के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज को शास्त्रीनगर की कमान दी गई है। वहीं शास्त्रीनगर के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार को दानापुर भेजा गया है।
इनकी भी बदली पोस्टिंग
बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा को जक्कनपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। जक्कनपुर के थानाध्यक्ष ऋतुराज कुमार सिंह को पाटलिपुत्र थाने में पदस्थ किया गया है। कंकड़बाग के थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह को शाहजहांपुर और दनियावां का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। पाटलिपुत्र के थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह को बेलछी, मोकामा और सकसोहरा का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। पुनपुन की थानाध्यक्ष बेबी कुमारी को दनियावां भेजा गया है, जबकि शाहजहांपुर के थानाध्यक्ष को पुनपुन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई पुलिस अधिकारियों को पुलिस केंद्र पटना, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विभिन्न थानों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी अधिकारियों को नए पदस्थापन स्थल पर जल्द योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।
6800 एएसआई बने एसआई
बिहार पुलिस में 6800 सहायक पुलिस अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। इसमें राज्य के लगभग सभी जिलों के एएसआई शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने पदोन्नति का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। प्रमोशन को लेकर 1 सितंबर को बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें अधिकारियों की योग्यता और वरीयता के आधार पर पदोन्नति देने पर सहमति बनी थी। इसके बाद एएसआई को एसआई के पद और संबंधित वेतनमान में प्रमोशन दिया गया है।



