पटना में बदमाशों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। एक तरफ पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा थानों की सुस्ती और अपराध पर लगाम कसने के लिए अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग ले रहे थे, तो दूसरी तरफ बेखौफ अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को सरेआम गोलियों से छलनी कर दिया। दिनदहाड़े या कहें कि पुलिस महकमे की हाई-लेवल बैठक के दौरान हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र की घटना
यह पूरी घटना पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड की है। घायल युवक की पहचान प्रॉपर्टी डीलर शुभम कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुभम अपने घर के बाहर ही खड़ा था और किसी काम से बाहर आया हुआ था। अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात साफ-साफ कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि शुभम सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल पर किसी से फोन पर बात कर रहा था। तभी एक अपाचे बाइक पर सवार होकर दो बदमाश वहां पहुंचते हैं।
बिना किसी डर के वे सीधे शुभम के पास जाते हैं और नजदीक से उसके सीने पर ताबड़तोड़ 4 गोलियां दाग देते हैं। गोलियों की आवाज से सनसनी फैल जाती है। गोली लगते ही शुभम दर्द से कराहता हुआ सड़क पर जमीन पर गिर पड़ता है, जबकि दोनों हमलावर अपनी बाइक से आराम से फरार हो जाते हैं।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकले। उन्होंने खून से लथपथ शुभम को गंभीर हालत में तुरंत एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त यह गोलीबारी हुई, ठीक उसी समय पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा जिले के सभी थानेदारों और अनुमंडल अधिकारियों के साथ क्राइम कंट्रोल को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में अपराध रोकने के कड़े निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन अपराधियों ने पुलिस की कार्यशैली को ठेंगा दिखा दिया।
पुलिस का बयान और आगे की जांच
पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने इस सनसनीखेज घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुभम कुमार यादव को गोली मारी गई है और फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद या किसी अन्य एंगल से हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।


