कुंदन कुमार, पटना। राजधानी के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन में बुधवार को युवा रोजगार एवं कौशल विभाग द्वारा 5 दिवसीय रोजगार मेले की भव्य शुरुआत की गई। यह मेला 19 अगस्त से 23 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभाग ने 20,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का बड़ा लक्ष्य रखा है। इस रोजगार मेले का औपचारिक उद्घाटन विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद द्वारा किया गया।
विपक्ष के दावों पर मंत्री का पलटवार
उद्घाटन के दौरान मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के आज के मार्च को बेवक्त की शहनाई बजाने के बराबर बताया। मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार लगातार युवाओं को नौकरियां दे रही है और इस वर्ष अब तक 1 लाख सरकारी एवं प्राइवेट नौकरियां दी जा चुकी हैं।
130 से अधिक छोटी-बड़ी कंपनियां ले रही हैं हिस्सा
इस रोजगार मेले में बैंकिंग, वित्तीय सेवा, बीमा, रिटेल और अन्य प्रमुख क्षेत्रों की लगभग 130 छोटी-बड़ी कंपनियां भाग ले रही हैं।
- प्रमुख कंपनियां: रिलायंस रिटेल, टाटा समूह की ट्रेंट लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, टीवीएस क्रेडिट और जॉनसन जैसी नामी कंपनियां शामिल हैं।
- चयन प्रक्रिया: अभ्यर्थियों को पहले अपना रिज्यूम देना होगा, जिसके बाद उनकी योग्यता के आधार पर उनका चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को उनकी सुविधा और जरूरत के अनुसार बिहार के ही जिलों में नौकरियां प्रदान की जाएंगी।
पंजीकरण और प्रवेश से जुड़े दिशा-निर्देश
मेले में शामिल होने के लिए ऑनलाइन नियोजन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए विभाग द्वारा पहले ही पोर्टल पर विज्ञापन जारी किया गया था।
- जो अभ्यर्थी पहले पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, उनके लिए बापू सभागार में विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। वहां पहुंचकर पंजीकरण कराने के बाद वे नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- विभाग के निर्देशानुसार, बिना पंजीकरण के मेले में प्रवेश वर्जित है।
- अधिक जानकारी या सहायता के लिए विभाग ने टोल-फ्री नंबर जारी किया है।
सरकार का रोजगार सृजन अभियान
उल्लेखनीय है कि 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 तक 1 करोड़ नौकरी और रोजगार देने का वादा किया था। इसी कड़ी में चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 17 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है। इसमें दो बार पांच-दिवसीय मेले और 673 नियोजन कैंप शामिल हैं, जिनके माध्यम से अब तक लगभग 22,000 युवाओं को रोजगार मिल चुका है।

