पटना। राजधानी पटना के पॉश इलाके गांधी मैदान के पास स्थित एक होटल में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई इस छापेमारी में पुलिस ने आपत्तिजनक स्थिति में 10 महिलाओं और युवतियों को रेस्क्यू किया है जबकि एक युवक को हिरासत में लिया गया है। वहीं होटल संचालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
क्या है पूरा मामला?
गांधी मैदान थाना क्षेत्र के अभिषेक प्लाजा स्थित पटना डोरमेट्री नामक होटल में लंबे समय से देह व्यापार और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी पुलिस अधीक्षक (SP) संकेत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने देर रात होटल में औचक छापेमारी की।
छापेमारी में क्या मिला?
होटल के कमरों में छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में शराब और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। जब पुलिस कमरे में पहुंची तो वहां मौजूद लोग शराब पार्टी और मौज-मस्ती में व्यस्त थे। अचानक पुलिस को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। पकड़े गए युवक की पहचान जहानाबाद निवासी अशोक कुमार यादव के रूप में हुई है जो इसी होटल में काम करता था।
लड़कियों की पहचान और संचालक की तलाश
पकड़ी गई 10 युवतियों में पश्चिम बंगाल, दिल्ली और बिहार की रहने वाली महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी युवतियां बालिग हैं। पूछताछ में सामने आया है कि पिछले एक साल से इस होटल में यह अवैध धंधा संचालित हो रहा था। यह होटल G+8 स्ट्रक्चर वाली बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर तक कमर्शियल है, जबकि उसके ऊपर आवासीय फ्लैट्स हैं।
थानेदार अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फरार होटल संचालक की धरपकड़ के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। पुलिस प्रशासन अब होटल के कानूनी दस्तावेजों की भी जांच कर रही है ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

