पटना। शहर के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज से खेल का एक बड़ा आयोजन शुरू हो गया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की पहल पर आयोजित इस समर कैंप में बच्चों को विभिन्न खेलों का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करने और बच्चों को मोबाइल-टीवी की दुनिया से बाहर निकालकर शारीरिक रूप से सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शुरू हुए इस शिविर को लेकर छात्रों में भारी उत्साह है।
775 छात्रों ने किया पंजीकरण
इस कैंप की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 775 छात्र इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। हालांकि, जो बच्चे किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके लिए आयोजन स्थल पर आज सुबह भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कब और कैसे होगा प्रशिक्षण?
यह समर कैंप 8 जून से 20 जून तक चलेगा। प्रशिक्षण को दो सत्रों में विभाजित किया गया है ताकि बच्चे अपनी सुविधानुसार शामिल हो सकें:
- प्रथम सत्र: सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक।
- द्वितीय सत्र: शाम 6:30 बजे से 8:00 बजे तक।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रन शंकरण ने बताया कि इस शिविर में 7 से 14 वर्ष के बालक-बालिकाएं भाग ले सकते हैं। चूंकि यह गैर-आवासीय कैंप है इसलिए यह मुख्य रूप से पटना के स्थानीय बच्चों के लिए फायदेमंद है।
खेलों की विस्तृत श्रृंखला और अन्य सुविधाएं
इस कैंप में केवल पारंपरिक खेल ही नहीं, बल्कि एडवेंचरस स्पोर्ट्स पर भी जोर दिया जा रहा है। बच्चों को फुटबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, योगा, चेस, स्केटिंग, खो-खो, टेबल टेनिस और तीरंदाजी जैसे खेलों का प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं, एडवेंचर के लिए वॉल क्लाइंबिंग और आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स (ताइक्वांडो) के बेसिक गुर सिखाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, बच्चों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए ‘स्पोर्ट्स क्विज’ का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को खेल प्राधिकरण की ओर से टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान बेसिक एक्सरसाइज, स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

