कुंदन कुमार, पटना। बिहार के मौसम में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सो में तेज बारिश और आंधी का सिलसिला जारी है। आज शुक्रवार (29 मई) को भी राजधानी पटना समेत 7 जिलों में सुबह से मुसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज आंधी और आसमान से गिर रही आकाशीय बिजली ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है।

वीआईपी एरिया में गिरे कई पेड़

दरअसल पटना में तेज आंधी के कारण पोश एरिया में कई पेड़ सड़क पर गिर गए। वहीं, लोक आवास से लेकर लोक भवन के बीच सड़कों पर दर्जनों पेड़ के गिर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि पोश एरिया होने की वजह से नगर निगम के कर्मचारी आनन-फानन में सड़क से पेड़ हटाने में लगे हुए हैं। मौके पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे, जो खुद अपनी मौजूदगी में वीआईपी एरिया के पेड़ जो सड़क पर गिरे हैं, उसे हटवा रहे हैं।

4 जनू तक होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अधिकांश जिलों में 29 मई से लेकर 4 जून के बीच बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान आसमान से ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मानसून से पहले हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

​आखिर क्यों बदल रहा है मौसम?

​मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी इस बदलाव की मुख्य वजह है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने वातावरण को अस्थिर कर दिया है। दिन की गर्मी और नमी के मेल से शाम होते ही तेज आंधी और वज्रपात (ठनका) की स्थितियां बन रही हैं। बीते 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था लेकिन अब ठंडी हवाओं ने उमस को काफी कम कर दिया है।

ये भी पढ़ें- बकरे की कुर्बानी के लिए हथियार उठाते ही शख्स को आया हार्ट अटैक, मौत, पिछले साल पत्नी ने तोड़ा था दम