पटना। राजधानी के मीठापुर बाईपास पर एक व्यक्ति अचानक चलते-चलते सड़क पर गिर पड़ा। लेकिन वहां तैनात एक ट्रैफिक कांस्टेबल की तत्परता ने मौत को मात दे दी। पुलिसकर्मी की सूझबूझ से एक CISF जवान की जान बच गई, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
अचानक सड़क पर गिर पड़े जवान
जानकारी के अनुसार, अचेत होने वाले व्यक्ति की पहचान नवादा जिले के निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। कुंदन CISF में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी और वे अपने परिवार के साथ इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान मीठापुर बाईपास के पास वे अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गए।
कांस्टेबल की पारखी नज
मीठापुर ट्रैफिक पोस्ट पर उस समय कांस्टेबल अंजनी कुमार गौरव ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति अपनी गाड़ी की ओर बढ़ते समय अचानक गिर पड़ा है। अंजनी तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्होंने गौर किया कि कुंदन का शरीर पसीने से तर-बतर था और उनके हाथ-पैर बुरी तरह अकड़ रहे थे। कांस्टेबल ने बिना एक पल गंवाए भांप लिया कि यह हार्ट अटैक की स्थिति है।
30 सेकंड का चमत्कार
भीड़ तमाशा देख रही थी, लेकिन अंजनी ने साहस दिखाया और तुरंत कुंदन को CPR देना शुरू कर दिया। अंजनी ने बताया, मैंने ट्रेनिंग में इसके बारे में सीखा था, हालांकि पहले कभी इसे आजमाया नहीं था। लेकिन उस वक्त जवान की जान बचाना मेरी प्राथमिकता थी। करीब 30 सेकंड तक लगातार चेस्ट कंप्रेशन देने के बाद कुंदन के शरीर में हलचल हुई और उनकी सांसें वापस लौट आईं।
भावुक हुआ परिवार, दी दुआएं
कुछ ही मिनटों में कुंदन पूरी तरह होश में आ गए और सामान्य महसूस करने लगे। अपने सामने पति को दोबारा सांसें लेते देख उनकी पत्नी और परिजन भावुक हो गए। उन्होंने आंखों में आंसू लिए कांस्टेबल अंजनी को भगवान का रूप बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्राथमिक उपचार के बाद जवान की स्थिति स्थिर देख उन्हें घर भेज दिया गया।
यह घटना साबित करती है कि यदि सही समय पर सही मेडिकल मदद (जैसे CPR) मिल जाए, तो अनहोनी को टाला जा सकता है। कांस्टेबल अंजनी कुमार गौरव आज पटना पुलिस के लिए गौरव का प्रतीक बन गए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

