पटना। राजधानी पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, आर ब्लॉक के पास स्थित एक घर में एक 30 वर्षीय युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित मौजा पकड़ी निवासी नूर आलम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक (FSL) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पत्नी के अचानक जाने से टूटा था परिवार
मृतक के भाई नौशाद ने बताया कि कुछ दिन पहले यानी 5 सितंबर को नूर आलम की पत्नी अपने एक पड़ोसी युवक के साथ अचानक घर छोड़कर चली गई थी। जाते समय वह अपने दो साल के बेटे को तो साथ ले गई, लेकिन चार साल की बेटी को नूर के पास ही छोड़ गई थी। इस घटना के बाद से परिवार में तनाव का माहौल था और मृतक मानसिक रूप से काफी आहत था। फिलहाल, मां के जाने के बाद चार साल की मासूम बच्ची अपनी दादी की देखरेख में है।
FSL टीम ने की साक्ष्यों की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय थाना पुलिस के अलावा FSL की विशेष टीम भी मौके पर बुलाई गई। FSL के सीनियर साइंटिस्ट अनिल कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के पूर्ण होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।



