फतेहाबाद। टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BDPO ऑफिस में तैनात पटवारी उमेद बुरा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई DSP ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में की गई।

मामला गांव पारता निवासी कुलदीप की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि शामलात जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बदले पटवारी उमेद बुरा 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया और शिकायतकर्ता को रंग लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा।

जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच के दौरान जब आरोपी के हाथ पानी में धुलवाए गए तो पानी लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।

गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी पटवारी के कमरे और संबंधित रिकॉर्ड की भी गहन जांच की। फिलहाल ACB पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।