पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले में रिश्वतखोरी का मामला एक बार फिर सामने आया है, जहां एक पटवारी का ऑडियो-वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। किसान से पैसे लेने और “ऊपर तक हिस्सेदारी” की बात सामने आने के बाद आरोपी पटवारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मामले में आरआई और तहसीलदार से भी जवाब तलब किया गया है।

जानकारी के अनुसार, छुरा तहसील के हल्का नंबर 28 में पदस्थ पटवारी खेमराज साहू का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में पटवारी एक किसान से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है। साथ ही यह भी कहते सुनाई दिया कि पैसे आरआई और तहसीलदार तक जाते हैं।
वहीं वायरल ऑडियो में पटवारी किसान से कड़कड़ाती धूप का हवाला देते हुए मौके पर आते ही “ठंडी बियर” के इंतजाम करने की मांग करता सुनाई दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो-वीडियो करीब 10 दिन पुराना है। कियुटीझर गांव के एक किसान से बटांकन के लिए नक्शा काटने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। मांगे गए 10 हजार में से 5 हजार रुपये किसान लपेट कर देते हुए भी दिखाई दिया है।
मामले में कार्रवाई की पुष्टि करते हुए अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। आरआई और तहसीलदार का जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

