शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासनिक सिस्टम पर पटवारियों का रसूख किस कदर हावी है, इसका एक बड़ा उदाहरण सामने आया है। भोपाल जिले में सालों से एक ही जगह पर जमे 46 पटवारियों के तबादले के बाद महकमे में ऐसा हड़कंप मचा कि प्रशासन को महज 24 घंटे के भीतर ही 24 पटवारियों का ट्रांसफर ऑर्डर रद्द करना पड़ा। इस यू-टर्न के बाद प्रशासनिक हलकों में कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं।

15 जून को हुआ था तबादला, 16 को मिली ‘राहत’

प्रशासनिक शुचिता और पारदर्शी व्यवस्था के तहत 15 जून को भोपाल जिले के हुजूर और बैरसिया क्षेत्र में लंबे समय से तैनात 46 पटवारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे। लेकिन इस आदेश के जारी होते ही ऐसा ‘सिस्टम’ चला कि अगले ही दिन यानी 16 जून को 46 में से 24 पटवारियों का तबादला निरस्त कर उन्हें वापस पुरानी जगह या मनमाफिक राहत दे दी गई।

2015 से पैर जमाए बैठे हैं कई पटवारी

तबादले से राहत पाने वाले इन पटवारियों में से कई ऐसे हैं जो वर्ष 2015 से लेकर 2022 तक लगातार हुजूर और कोलार जैसे मलाईदार क्षेत्रों में पदस्थ रहे हैं। सालों से एक ही क्षेत्र में जमे होने के कारण इनकी शिकायतें भी सामने आती रही हैं, लेकिन इसके बावजूद रसूख के दम पर ये अपना ट्रांसफर रुकवाने में कामयाब रहे।

विवादित चेहरों पर भी मेहरबान हुए अफसर

इस पूरी ट्रांसफर एक्सप्रेस और यू-टर्न में सबसे ज्यादा चर्चा निधि नेमा और किशोर सिंह दांगी की हो रही है। ये दोनों ही पटवारी पूर्व में कई विवादों में रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वरिष्ठ अधिकारी इन पर मेहरबान दिखे और इनका भी तबादला रद्द कर दिया गया।

तबादला रद्द कराने वाले पटवारियों के प्रमुख नाम

24 घंटे के भीतर अपने ट्रांसफर पर स्टे या निरस्तीकरण कराने वाले पटवारियों में शहर के कई चर्चित नाम शामिल हैं। कोलार और हुजूर क्षेत्र के दिग्गज: सदाशिव गौंड, किशोर सिंह दांगी, नरेंद्र रैकवार, केवल सिंह कौर, रेनु पटेल, ब्रजकिशोर नागर, अभिषेक शर्मा, मुकुल सराठे। अन्य प्रभावशली नाम: दीक्षा शर्मा, संदीप शर्मा, प्रियंका सिंह, सौरभ सोलंकी, प्रदीप पटेल, पूजा ठाकुर, प्रियंका दुबे और निधि नेमा। इस ताबड़तोड़ फेरबदल और आदेश को पलटने की घटना ने यह साबित कर दिया है कि राजधानी में पटवारी लॉबी कितनी मजबूत है, जो कड़े प्रशासनिक फैसलों को भी पलक झपकते ही बदलवाने का दम रखती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m