मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने शनिवार को पौड़ी गढ़वाल स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी (यमकेश्वर) का स्थलीय निरीक्षण कर महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया. सीएम योगी ने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि भी अर्पित की. इसके बाद वे अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे. जहां उन्होंने बच्चों को खूब दुलार किया.

सीएम योगी गांव भ्रमण पर निकले तो रास्ते में एक छोटा बच्चा फूल लेकर सीएम योगी के पास पहुंचा और उनके पैर छुए. इस पर योगी आदित्यनाथ ने बच्चे को चॉकलेट की एक पोटली भेंट की. बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा, जिस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम भी तेरे दादा लगते हैं.” यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक और यादगार बन गया.

इसे भी पढ़ें : Mahashivratri 2026 : शिव-पार्वती विवाह के लिए काशी पहुंचा माता वैष्णो देवी का उपहार, बाबा विश्वनाथ और मइया पार्वती को भेजी विशेष भेंट और चुनरी

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर पहुंचे थे. कार्यक्रम से पहले दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की. साथ ही प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की. इसके बाद दोनों नेताओं ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया.