भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद करके एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में ‘भोजपुरी बवाल’ शो के एक नए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जिसमें अभिनेता अपनी दिवंगत पत्नी को याद करते हुए कैमरे के सामने फफक-फफक कर रोते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह नीलम की तस्वीर की आरती उतारते और उस पर फूल-माला चढ़ाते दिख रहे हैं।
वहीं पवन सिंह के इस वायरल प्रोमो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। काजल सिंह उर्फ काजू नाम की यूजर ने सोशल मीडिया हैंडल पर तीखा सवाल उठाते हुए लिखा कि उन्हें पवन सिंह की यह नौटंकी समझ नहीं आती। उनका कहना था कि जब कोई व्यक्ति आपके पास होता है, तब उसकी कद्र नहीं की जाती और उसके जाने या मरने के बाद यह झूठा अफसोस क्यों जताया जाता है? बहरहाल, पवन सिंह का यह पुराना दर्द एक बार फिर भोजपुरी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
जब रूम का दरवाजा खोला, तो मेरी दुनिया खत्म थी
प्रोमो के दौरान भावुक हुए पवन सिंह ने उस डरावने पल को याद किया जब उन्होंने अपनी पत्नी को इस दुनिया में नहीं पाया था। उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि वे एक फिल्म की शूटिंग खत्म करके जब घर लौटे, तो बहुत देर हो चुकी थी। जैसे ही उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा खोला, उन्हें अहसास हुआ कि उनकी पूरी दुनिया उजड़ चुकी है। उन्होंने आगे कहा, मैंने अपने जीवन में देवी को पाया था और खो दिया। वह मेरे जीवन की देवी थीं, आज भी हैं और जब तक मेरे शरीर में सांस है, वही मेरी जीवन हैं।
शादी के महज तीन महीने बाद हुआ था दर्दनाक हादसा
आपको बता दें कि पवन सिंह और नीलम देवी की शादी साल 2014 में हुई थी। इस निकाह या विवाह के ठीक तीन महीने बाद, 8 मार्च 2015 को नीलम ने मुंबई स्थित पवन सिंह के फ्लैट में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद अभिनेता का नाम कई विवादों से घिर गया था। उस समय पवन सिंह की भाभी ने बयान दिया था कि पवन अपने काम में अत्यधिक व्यस्त रहते थे, जिसकी वजह से नीलम मानसिक रूप से तनाव में रहने लगी थीं। देर रात घर लौटना और पत्नी को पर्याप्त समय न दे पाना इस आत्महत्या का मुख्य कारण माना गया था।



दूसरी शादी और विवादों का लंबा सफर
पहली पत्नी की दुखद मौत के करीब चार साल बाद, पवन सिंह ने 6 मार्च 2018 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की। हालांकि, यह रिश्ता भी लंबे समय तक खुशहाल नहीं रह सका। शादी के कुछ महीनों के भीतर ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई। साल 2022 में ज्योति सिंह ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की। उन्होंने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट करने और जबरन गर्भपात (अबॉर्शन) कराने की बात कही थी। इसके अलावा, ज्योति ने यह भी खुलासा किया था कि शादी के बाद भी पवन का संबंध भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ था।

