कुंदन कुमार/पटना। भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ और चर्चित चेहरा पवन सिंह ने आज पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर राजनीति के गलियारों हलचल बढ़ा दी है। इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यालय में उनके पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
संगठन के आदेश को सर्वोपरि माना
बीजेपी नेताओं के साथ लंबी चर्चा के बाद, जब पवन सिंह मीडिया के सामने आए, तो उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को खुलकर दोहराया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी मेरी मां के समान है और संगठन की तरफ से जो भी आदेश मुझे मिलेगा, मैं उसका पालन पूरी तत्परता से करूंगा।
संजय सरावगी का जताया आभार
पवन सिंह ने विशेष रूप से बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरावगी जी का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहा है। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर चर्चा हुई।
विचारधारा के विस्तार का संकल्प
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पावर स्टार ने कहा कि वे कोई नए व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि लंबे समय से संगठन के एक सिपाही के रूप में कार्य करते आए हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले समय में भी वे बीजेपी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी के विस्तार के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करना जारी रखेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज
पवन सिंह का यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब राज्य में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। उनके इस बयान को संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल, पटना बीजेपी कार्यालय में हुई यह मुलाकात बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय के रूप में देखी जा रही है। समर्थकों का मानना है कि पवन सिंह की यह सक्रियता पार्टी के लिए आगामी चुनावों में काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।

