भोजपुरी। सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में एक रियल्टी शो के दौरान उन्होंने अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह को याद किया और उन्हें अपनी देवी बताया। पवन सिंह के इस बयान के सामने आने के बाद उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर एक बहुत ही इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसने इस पूरे मामले को तूल दे दिया है।
शो के दौरान पहली पत्नी को याद कर फफक पड़े पवन सिंह
रियल्टी शो भोजपुरी बवाल का एक नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस प्रोमो में पवन सिंह अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह की तस्वीर की आरती उतारते और उस पर फूल-माला चढ़ाते नजर आ रहे हैं। नीलम को याद करके अभिनेता काफी भावुक हो गए।
पवन सिंह ने उस डरावने दिन को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने घर आकर अपने कमरे का दरवाजा खोला, तो उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी पूरी दुनिया ही खत्म हो गई हो। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में एक देवी को पाया था और खो दिया। नीलम उनके जीवन की देवी थीं, हैं और जब तक उनके शरीर में जान है, रहेंगी।
नीलम सिंह की आत्महत्या की दर्दनाक दास्तां
पवन सिंह और नीलम देवी की शादी साल 2014 में हुई थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और शादी के महज तीन महीने बाद ही 8 मार्च 2015 को नीलम ने मुंबई स्थित पवन सिंह के फ्लैट में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
इस घटना के बाद अभिनेता का नाम काफी विवादों में घिर गया था। पवन सिंह की भाभी ने इस सुसाइड के पीछे की वजह बताते हुए कहा था कि पवन अपने काम में अत्यधिक व्यस्त रहने लगे थे, जिसकी वजह से नीलम मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं। देर रात घर लौटना और पत्नी को पर्याप्त समय न दे पाना इस बड़ी त्रासदी का कारण बना था।
ज्योति सिंह का छलका दर्द: इस बार मेरा नाम अपने हिस्से से मिटा देना
पहली पत्नी के इस खुलासे के बाद पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर अपनी गहरी नाराजगी और दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा, प्रिय पतिदेव, यदि नियति फिर कभी हमें एक ही कहानी में लिखे, तो इस बार मेरा नाम अपने हिस्से से मिटा देना। क्योंकि प्रेम की सबसे बड़ी पीड़ा बिछड़ना नहीं होती, किसी के साथ रहकर भी उसके जीवन में अपना स्थान खोजते रहना होती है।
ज्योति ने आगे लिखा कि अगर प्रेम को ठीक से निभाया न जा सके, तो किसी का जीवन नहीं चुनना चाहिए और अगर निभाया जा सके तो इस बार उन्हें न चुना जाए। उन्होंने कहा कि वह दुआ बनकर रह लेंगी, लेकिन अब उनकी कहानी का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं।

साल 2018 में हुई थी ज्योति से शादी, फिलहाल चल रहा है तलाक का केस
नीलम सिंह की आत्महत्या के करीब चार साल बाद, पवन सिंह ने 6 मार्च 2018 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी। हालांकि, शादी के कुछ ही महीनों के भीतर दोनों के रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गई थी।
रिश्तों में आई कड़वाहट के बाद साल 2022 में ज्योति सिंह ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी थी। उस दौरान ज्योति ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ मारपीट और जबरन गर्भपात कराने जैसे बेहद गंभीर आरोप भी लगाए थे, जो आज भी कानूनी प्रक्रिया के तहत विचाराधीन हैं।

