Shreyas Iyer Fined: इन दिनों आईपीएल 2026 की धूम है. नए सीजन का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हुआ, जिसमें पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की. जीत की खुशी के बीच पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को तगड़ा झटका लगा है. बीसीसीआई ने उन पर एक नहीं बल्कि पूरे 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कप्तान अय्यर पर ये कार्रवाई क्यों की गई है? इसके जिम्मेदार वह खुद नहीं बल्कि उनकी टीम के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं, लेकिन सजा कप्तान को मिली. आइए जानते हैं पूरा मामला…
मुल्लांपुर के मैदान पर पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की, लेकिन इस जीत के कुछ ही देर बाद बीसीसीआई (BCCI) ने अय्यर पर जुर्माना ठोक दिया. यह जुर्माना उन पर धीमी गेंदबाजी यानी स्लो ओवर-रेट के चलते लगा है. 19वें सीजन में यह सजा पाने वाले अय्यर पहले कप्तान बने हैं. टीम इसलिए तय समय के भीतर 20 ओवर पूरे नहीं कर पाई, क्योंकि अर्शदीप सिंह ने एक ओवर फेंकने में काफी ज्यादा समय ले लिया.
20वां ओवर देर से खत्म हुआ, अर्शदीप ने 11 बॉल फेंकी
पंजाब किंग्स के लिए पारी का 20वां ओवर फेंकने अर्शदीप सिंह आए थे. उन्होंने वह ओवर 11 गेंदों का फेंका, यानी काफी लंबा. इस ओवर को पूरा करने में उन्हें ज्यादा समय लग गया. आखिरी ओवर में उन्होंने 12 रन दिए थे. अर्शदीप अब मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाजों की उस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने आईपीएल इतिहास के सबसे लंबे ओवर फेंके हैं.
इसे भी पढ़ें: PBKS vs GT, Who is Ashok Sharma: किसान के बेटे का शुभमन गिल ने कराया डेब्यू, 150 kmph की रफ्तार से उखाड़ता है स्टंप, कहलाता है ‘रफ्तार सिंह’
इसी ओवर का नतीजा रहा कि टीम तय समय के भीतर ओवर पूरे नहीं कर पाई और स्लो ओवर-रेट के चलते अय्यर को सजा मिली. मुकाबले में श्रेयस अय्यर सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हुए. फील्डिंग के दौरान उनके हाथ में चोट भी लगी, जिससे वह काफी दर्द में नजर आए.
सीजन की पहली गलती
मैच के बाद बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि पंजाब किंग्स निर्धारित समय के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई थी. यह आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का उल्लंघन है.
इस नियम के तहत टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. चूंकि इस सीजन में पंजाब किंग्स की यह पहली गलती थी, इसलिए केवल कप्तान पर न्यूनतम जुर्माना लगाया गया. अगर आगे भी ऐसी गलती हुई तो न सिर्फ जुर्माने की राशि बढ़ेगी, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ी भी इसकी जद में आ सकते हैं.
मैच का पूरा हाल
अगर मैच की बात करें तो शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने 20 ओवरों में 162 रन बनाए थे. इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 7 विकेट खोकर 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. पंजाब की जीत के हीरो कूपर कॉनॉली रहे, जिन्होंने आईपीएल में डेब्यू करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

