PBKS vs MI IPL 2026: आईपीएल 2026 के 58 वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने हैं। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है, ऐसे में पंजाब पहले बल्लेबाजी करेगी।

पंजाब के लिए अहम मुकाबला
पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और शुरुआती सात मैचों में छह जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति बना ली थी। लेकिन इसके बाद लगातार चार हार ने टीम की राह मुश्किल कर दी। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स धर्मशाला में जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।
वहीं जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में मुंबई इंडियंस भी सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम को पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में मुंबई की नजर सीजन का अंत सकारात्मक प्रदर्शन के साथ करने पर होगी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम शुरुआती 7 में से 6 मैच जीतने के बाद अब लगातार हार का सामना कर चुकी है। टीम फिलहाल 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर, प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की नजरें पंजाब से पिछली हार का बदला लेने और उनके प्लेऑफ समीकरण को बिगाड़ने पर होंगी।
धर्मशाला के HPCA स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
धर्मशाला के HPCA स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। पंजाब और मुंबई के मुकाबले से पहले यहां लगातार बारिश हुई है, जिसका असर पिच पर भी देखने को मिल सकता है। सोमवार को इसी मैदान पर पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में सभी 39 ओवर तेज गेंदबाजों ने डाले थे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल और पंजाब के युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी करने का मौका तक नहीं मिला। पूरे मैच में तेज गेंदबाजों को अच्छी सीम मूवमेंट मिली, हालांकि दूसरी पारी में ओस भी काफी देखने को मिली थी। ऐसे में आज के मुकाबले में भी पेसर्स का दबदबा रहने की उम्मीद है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
धर्मशाला में IPL रिकॉर्ड्स
धर्मशाला में IPL रिकॉर्ड्स की बात करें तो यहां अब तक 15 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 6 मुकाबलों में जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 241/7 रहा है, जबकि सबसे छोटा स्कोर 116 रन है। वहीं रन चेज में सबसे बड़ा सफल स्कोर 178/5 दर्ज किया गया है। HPCA स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 189 रन रहा है, जबकि प्रति ओवर औसतन 9.02 रन बने हैं।
PBKS बनाम MI हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?
PBKS और MI के बीच IPL इतिहास में हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पंजाब किंग्स ने 18 और मुंबई इंडियंस ने 17 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। ऐसे में आज एक बार फिर दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
दोनों टीमों कि प्लेइंग 11 (PBKS vs MI IPL 2026)
पंजाब किंग्स (PBKS)
प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट प्लेयर: विजयकुमार वैशाक, हरप्रीत बराड़, मिशेल ओवेन, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे
मुंबई इंडियंस (MI)
रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रघु शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिन्ज, कृष भगत, ट्रेंट बोल्ट
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

