PBKS vs SRH IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर मैच खेले जाएंगे। दिन के पहले और सीजन के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम आमने-सामने होगी।
PBKS और SRH दोनों ही टीमों का मौजूदा सीजन में यह चौथा मुकाबला होगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने अब तक खेले गए 3 में से 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं बारिश के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ उनका पिछला मैच प्रभावित हुआ था, लेकिन अब टीम न्यू चंडीगढ़ में वापसी करते हुए अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। जबकि, ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को अब 3 में से 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि सिर्फ एक में उन्हें जीत नसीब हुई है। ऐसे में टीम को जीत की तलाश होगी।

बता दें कि पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

PBKS और SRH के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच बल्लेबाजों के लिए बेहद मुफीद मानी जाती है। सख्त सतह और तेज ग्रीन आउटफील्ड के कारण गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है, जिससे रन बनाना आसान हो जाता है।
मैदान की स्क्वायर बाउंड्री 64 से 70 मीटर के बीच है, जबकि सीधी बाउंड्री करीब 74 मीटर लंबी है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट खेलना फायदेमंद साबित हो सकता है और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद है। पिच हल्की सूखी जरूर दिख रही है, लेकिन स्पिनरों को इससे खास मदद मिलने की संभावना नहीं है और मैच के दौरान भी इसमें ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। 200 से अधिक का स्कोर यहां आसानी से बन सकता है।
यह मैच दिन में खेला जाएगा, इसलिए ओस की कोई भूमिका नहीं होगी।
अगर आंकड़ों पर नजर डालें, तो इस मैदान पर अब तक 12 IPL मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने बराबर 6-6 मैच जीते हैं। यहां का सर्वोच्च टीम स्कोर 228/5 है, जो मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ बनाया था।
पंजाब और हैदराबाद के बीच न्यू चंडीगढ़ में अब तक सिर्फ एक ही मैच खेला गया है। 2024 में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी।
PBKS बनाम SRH हेड टू हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा है भारी?
आईपीएल के इतिहास में PBKS और SRH के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें SRH ने 17 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि PBKS ने केवल 7 मैच जीते हैं। पंजाब ने हैदराबाद को आखिरी बार 2023 सीजन में हराया था।
PBKS और SRH की संभावित प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स (PBKS)
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रियांश आर्य
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान, विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा
इम्पैक्ट प्लेयर: अभिषेक शर्मा
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

