Business Desk – PC Jeweller Share Price में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर करीब 6% चढ़कर 10.47 रुपए पर पहुंच गया। यह उछाल वित्त वर्ष 2026-27 (Q1 FY27) के बिजनेस अपडेट के बाद आया है। कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 21% बढ़ा है और उसने अपने 90% से अधिक बैंक कर्ज का भुगतान कर दिया है। कंपनी को मौजूदा तिमाही में पूरी तरह Debt Free होने की उम्मीद है।

Q1 बिजनेस अपडेट से शेयर में आई तेजी

पीसी ज्वैलर ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही का बिजनेस अपडेट जारी करते हुए कहा कि कंपनी का परिचालन प्रदर्शन मजबूत रहा। इस दौरान कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग 21% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का कहना है कि यह उसके कारोबार में लगातार हो रहे सुधार का संकेत है।

90% से ज्यादा बैंक कर्ज चुका चुकी कंपनी

कंपनी के मुताबिक, पहली तिमाही के दौरान संयुक्त निपटान समझौते (Joint Settlement Agreement) के तहत उसने अपने बकाया बैंक कर्ज में करीब 24% की अतिरिक्त कमी की है। इसके साथ ही 30 सितंबर 2024 को बैंकों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने के बाद से कंपनी अपने 90% से अधिक बैंक कर्ज का भुगतान कर चुकी है।

जल्द Debt Free होने की उम्मीद

पीसी ज्वैलर ने कहा कि उसे मौजूदा तिमाही में पूरी तरह कर्ज मुक्त (Debt Free) होने की उम्मीद है। कंपनी का मानना है कि कर्ज खत्म होने के बाद उसकी वित्तीय स्थिति और बैलेंस शीट पहले से अधिक मजबूत होगी, जिससे भविष्य में कारोबार विस्तार में भी मदद मिलेगी।

Q4 FY26 में भी रहा था शानदार प्रदर्शन

मार्च 2026 तिमाही (Q4 FY26) में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा था। इस दौरान कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 61% बढ़कर 153 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 95 करोड़ रुपए था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू 33% बढ़कर 699 करोड़ रुपए से 927 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.