कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ग्वालियर चंबल अंचल के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर में मीडिया को संबोधित करते हुए सरकार पर निशाना साधा। इसके साथ ही कैलारस शुगर मिल मामले, वंदे मातरम विवाद और बालाघाट की घटना पर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया है।

जीतू पटवारी का कहना है कि मुख्यमंत्री जी किसान कल्याण वर्ष बना रहे है, जबकि हर जगह अराजकता है, एक तरफ महंगाई की अद्भुत मार है और खेती और किसानी का जितना भी प्रोडक्शन और फसलें हैं यह सब सस्ती है, कैलारस में हमारे विधायक पंकज उपाध्याय भूख हड़ताल पर कई साथियों के साथ बैठे हुए हैं। आज उनका सातवां दिन है,मुख्यमंत्री जी को किसान कल्याण वर्ष में इसकी चिंता नहीं है। यह बहुत दुख का विषय है, मैं मानता हूं कि कांग्रेस पार्टी का दायित्व है कि किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने का, सरकार से आग्रह है कि आपने जो मोदी गारंटी दी है उसे पूरा कीजिए, नहीं तो दतिया की जनता ने मैसेज दे दिया है कि भारतीय जनता पार्टी को जड़ मूल से जनता निकाल कर फेंक देगी।

शुगर मिल पर भी दिया बयान

भोपाल में कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के शुगर मिल मामले को लेकर दिये बयान पर उन्होंने कहा कि यह तो 25 साल से कैलारस शुगर मील को चालू करने की बात कर रहे हैं। सात बार तो मुख्यमंत्री जी ही घोषणा कर चुके हैं। एदल सिंह कई साल से विधायक-मंत्री है, यहां से नरेंद्र सिंह तोमर भी है, फिर बार-बार यह कहना सब झूठ और पाखंड है यदि आप करना चाहते हो तो आप उसे चालू करिए।

वंदे मातरम विवाद पर कही ये बात

वंदे मातरम विवाद मामले को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जो चरित्र है, वह हमेशा विवाद कर देशभक्ति का सर्टिफिकेट लेने का है। कांग्रेस उनसे नहीं सीख सकती हैं। आरएसएस और बीजेपी का एक नेता भी स्वतंत्रता संग्राम में नहीं रहा है। वे सभी अंग्रेजों के पिट्ठू थे। अभी कुछ समय पहले की ग्वालियर के चरित्र की बात करें तो, जो यहां से एक नेता(सिंधिया) BJP में गए हैं, सबको पता है कि एक पिस्टल कहां गई थी, सभी को पता है। यदि बात करूंगा तो बहुत छोटा पन होगा। वंदे मातरम देश भक्ति का बहुत सबसे बड़ा प्रतीक है राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के लिए कभी भी किसी प्रकार की विवाद की आवश्यकता नहीं है, हम जो संविधान में है वही करेंगे।

बालाघाट में बच्चों की मौत पर भी सरकार को घेरा

बालाघाट में बच्चों की मौत मामले पर उन्होंने कहा कि बालाघाट में लगातार बच्चों की मौत इस सरकार के स्वास्थ्य विभाग की पोल खोलता है। यह सरकार ने जिस प्रकार से करप्शन का अकूत भ्रष्टाचार कैंसर मध्य प्रदेश में फैला दिया है, उससे कई जाने जा रही हैं, अन्य विभागों में भी जा रही है। बालाघाट में भी जा रही हैं, जो बच्चों के साथ हो रहा है, उसको लेकर हमारे नेता प्रतिपक्ष वहां पहुंचे। हमने सरकार को चिट्ठी लिखी, सरकार को उस पर ध्यान देकर जल्द से जल्द काम करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग वर्तमान में हत्यारा है, क्योंकि 26 बच्चों की छिंदवाड़ा में भी मौत हुई थी, उसके बाद यहां पर भी बच्चों की मौत होना यह बार-बार स्वास्थ्य विभाग के चरित्र को उजागर कर रहा है, उसकी शैली को जाहिर कर रहा है। यही कारण है कि बालाघाट की घटना का मुख्य कारण है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m