० उपायुक्त के निर्देश पर बीडीओ की मौजूदगी में शुरू हुई खाद्यान्न आपूर्ति, नए प्रभारियों की हुई नियुक्ति
गोड्डा। पोड़ैयाहाट प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी सह गोदाम प्रबंधक अभय कुमार तिवारी की सीआईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद ठप पड़ी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की व्यवस्था को जिला प्रशासन ने तत्काल बहाल कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू की मौजूदगी में एफसीआई गोदाम का ताला खोलकर खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।
गोदाम खुलने के बाद अधिकारियों ने उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन और स्टॉक का मिलान किया, ताकि राशन वितरण पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु ढंग से किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र राशन कार्डधारी को खाद्यान्न मिलने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कुमोद मेहरा को अतिरिक्त प्रभार
आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुमोद मेहरा को अतिरिक्त प्रभार देते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) बनाया गया है। वहीं, पूर्व सहायक गोदाम प्रबंधक गौतम ठाकुर को दोबारा एफसीआई गोदाम के एजीएम का दायित्व सौंपा गया है।
बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने बताया कि स्टॉक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होते ही राशन डीलरों को नियमानुसार खाद्यान्न का उठाव कराया जाएगा, ताकि जन वितरण प्रणाली की दुकानों तक समय पर राशन पहुंच सके।
राशन डीलरों और कार्डधारियों ने ली राहत की सांस
उधर, गोदाम खुलने और नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की खबर से राशन डीलरों और कार्डधारियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय डीलरों के अनुसार, आपूर्ति पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पिछले तीन-चार दिनों से खाद्यान्न का उठाव पूरी तरह बंद था, जिससे कई गांवों में राशन वितरण प्रभावित हो गया था। अब प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।


