अनिल शर्मा, बराड़ा। शैमफोर्ड विद्यालय में ब्रह्मकुमारीज़ ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से शांति एवं सद्भावना अभियान का आयोजन किया गया। विद्यालय के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह और प्रधानाचार्या रुबी शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में सकारात्मकता व मानसिक शांति को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष भाई सहित बहन नेहा, चेतना, स्वीटी और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन पुष्पेंद्र राणा और सुखपाल विद्यालय के चेयरमैन हरपाल सिंह ने भी शिरकत की।
प्रातःकालीन सत्र में संतोष भाई ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का महत्व समझाया। उन्होंने सर्विस विद स्माइल का संदेश देते हुए बताया कि किस तरह एक छोटी सी मुस्कान जीवन के तनाव को कम कर सकती है।
सायंकालीन सत्र विशेष रूप से शिक्षकों के लिए आयोजित किया गया। इसमें कार्य के दबाव को संभालने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके साझा किए गए। शिक्षकों को बताया गया कि स्वयं शांत रहकर ही वे छात्रों का बेहतर मार्गदर्शन कर सकते हैं।
प्रधानाचार्या रुबी शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय में प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया गया।
