Peesangan Murder Case: राजस्थान के अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र में किसान की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय किसान मुकेश रावत की हत्या कथित तौर पर उसकी पत्नी विमला देवी, उसके प्रेमी गोपाल सिंह और दो अन्य साथियों ने मिलकर की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घर में मिला था किसान का शव
पीसांगन थाना प्रभारी पारूल यादव के अनुसार, गुरुवार सुबह मुकेश रावत का शव उसके घर में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने शुरुआत से ही मुकेश की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। मामले की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन पूछताछ की।
हत्या को आत्महत्या दिखाने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत छिपाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, मुकेश के शरीर पर लाल दवाई डाली गई। साथ ही उसे जबरन जहर दिए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा।
पूछताछ में पत्नी से मिले अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पत्नी विमला देवी से कई अहम जानकारियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे, कथित प्रेमी गोपाल सिंह और एक अन्य आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दो साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि विमला देवी और गोपाल सिंह के बीच पिछले करीब दो वर्षों से कथित प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि मुकेश को इस संबंध की जानकारी थी। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब आठ दिन पहले मुकेश ने दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद घर में विवाद बढ़ गया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कथित प्रेमी गोपाल सिंह ने पहले मुकेश को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- भिलाई निगम चुनाव से पहले कांग्रेस एक्टिव, हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बनी रणनीति, भूपेश बघेल बोले- फिर बनेगा कांग्रेस का महापौर
- Raipur News: 4 दिन से सफाई कार्य बंद, ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना, ठेका निरस्त करने की चेतावनी
- आईटीआई पास युवक को जर्मनी के बजाय बेलारूस में छोड़ा: परिवार की शिकायत पर पुलिस का बड़ा एक्शन
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच कांटे की टक्कर, मुकाबला 3-3 से ड्रॉ
- पंजाब सरकार की पहल में पलारी जलाने के मामले में आई भारी गिरावट, 2026 में 474 मामले आए सामने
