नवीन शर्मा, हांसी। हरियाणा के हांसी में आयोजित समाधान शिविर में गर्मी के बावजूद लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। आज आयोजित समाधान शिविर में सबसे ज्यादा पेंशन से जुड़ी समस्याएं देखने को मिली। खासकर दिव्यांग महिला बुढ़ापा पेंशन न बनने और विधवा पेंशन कटने से लोग परेशान नजर आए। लोग अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचे। सबसे ज्यादा शिकायतें बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन और राशन कटने को लेकर सामने आईं। वही एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि सब समस्याओं का स्थाई समाधान किया जा रहा है। हर शुक्रवार को इन शिकायतों पर समीक्षा भी होती है।
तस्वीरों में दिखाई दे रही 67 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला बिमला गांव प्रेम नगर निवासी ने समाधान शिविर में अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि पिछले 7 वर्षों से उसकी पेंशन नहीं बन पाई है। महिला ने बताया कि वह कई बार अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
गांव सिसाय से पहुंची विधवा महिला सावित्री ने बताया कि उनकी विधवा पेंशन 6 पहले कट जाने के बावजूद दोबारा नहीं बन पा रही है, जिसके चलते उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वह कई बार समाधान शिविर में आ चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। महिला ने उम्मीद जताई कि इस बार उसकी समस्या का हल जरूर होगा। मेरा कमाने वाला दूसरा कोई नहीं। पेंशन ही एकमात्र सहारा है।
फैमिली आईडी में आय बढ़ने के कारण भी कई लोग परेशान नजर आए। एक महिला नीलम ने बताया कि आय अधिक दिखने की वजह से पिछले तीन महीनों से उसका राशन बंद हो गया है, जिससे परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हांसी के एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का मौके पर निपटारा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज शिविर में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। पेंशन व फैमिली आई में इनकम बढ़ने पर सुनवाई की गई है।

