इन्द्रपाल सिंह, इटारसी। शहर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क हादसे के दौरान घायल व्यक्ति की मदद कर रहे लोगों के बीच ही एक शातिर चोर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला इटारसी के चर्च रोड इलाके का है।
भारत की जीत का जश्न: इंदौर में युवाओं ने लहराया तिरंगा, उज्जैन में रंगपंचमी की मस्ती और नारी शक्ति
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
दरअसल मालवीयगंज निवासी 50 वर्षीय विनोद कुमार रैकवार रविवार दोपहर बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान विश्वनाथ टॉकीज के पास सानिया मेडिकल स्टोर के सामने उनकी बाइक सड़क पर रखे एक बोर्ड से टकरा गई और वे सड़क पर गिर पड़े। उसे गिरता देख आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लेकिन इसी बीच वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों में से एक ने मौका देखते ही उनकी बाइक लेकर फरार हो गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में 2 युवक संदिग्ध रूप से घूमते दिखाई दे रहे और एक बाइक लेकर भाग जाता है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित के अनुसार चोरी हुई बाइक का नंबर MP05 ZJ 9016 है। यह बाइक हाल ही में खरीदी गई थी जिसकी कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

