भोजशाला विवाद पर हाईकोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए इसे मंदिर करार दिया है। इस पर भाजपा नेताओं ने खुशी जताई है। वहीं कांग्रेस ने इसे गलत बताया है। इसी के साथ धार भोजशाला में लोग ख़ुशी जताते हुए रंग खेल रहे हैं। जानिए फैसले के बाद किसने क्या कहा ?
उमा भारती ने जताई ख़ुशी
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा, ‘देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से गंगा के विषय पर बात करके हिमालय में देवप्रयाग की ओर ऊपर बढ़ रही थी कि धार भोजशाला पर मध्य प्रदेश के माननीय हाईकोर्ट के फैसले की जानकारी हुई। माननीय हाईकोर्ट ने धार भोजशाला को वाग्देवी मंदिर माना। धार भोजशाला के मंदिर होने के सारे तथ्य सामने थे इस फैसले से रोमांचित हूं, अभिनंदन।’
आरिफ मसूद ने फैसले को बताया गलत
संजय पाटीदार, भोपाल। भोजशाला मामले में कोर्ट के निर्णय को कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ASI रिपोर्ट के आधार पर फैसला है जो गलत है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि आप संयम बनाए रखिए, अभी सुप्रीम कोर्ट बाकी है। हम सुप्रीम कोर्ट में इस फैसले को चुनौती देंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने फैसले को बताया मान्य
धार भोजशाला मामले पर कोर्ट के फैसले को कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने मान्य बताया है। उन्होंने कहा कि यह एक विधिक फैसला है। इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। धार भोजशाला परिसर ASI और पुरातत्व विभाग के पास था। भारतीय जनता पार्टी नारेबाजी का काम करती है। कांग्रेस कोर्ट ने के फैसले को मान्य करती है।
भोजशाला के बाहर जश्न का माहौल
रेणु अग्रवाल, धार। हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला के बाहर जश्न का माहौल है। सड़कें खाली हो गईं और जय-जय श्री राम, राजा भोज की जयकारों से भोजशाला परिसर गूंज उठा। युवा और महिलाओं ने रंग-गुलाल खेला।
मंत्री प्रद्युम्न तोमर ने कहा- मंदिर है, रहेगा
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। इंदौर हाई कोर्ट द्वारा धार भोजशाला को मंदिर घोषित किए जाने के बाद मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का बयान सामने आया है उनका कहना है कि वह पहले से ही मंदिर था, मंदिर है और मंदिर ही रहेगा। मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के उस बयान पर भी तंज कसा है जिसमे उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अंदर कुछ लोगों द्वारा मुखबिरी कर भाजपा को जानकारी देने की बात कही।ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि ये उनका इंटरनल मामला है, वह एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते ही रहते हैं।

