बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स के शेयरों में सोमवार, 27 जुलाई को भारी गिरावट देखने को मिल रही है। कंपनी के गेहूं के आटे की एक खेप में तय कानूनी सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष मिलने और उसे वापस मंगाने के आदेश के बाद निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा है।

पतंजलि के आटे में मिला क्लोरपायरीफॉस

केरल के कोट्टायम खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण की जांच में पतंजलि फूड्स के गेहूं के आटे के एक बैच में क्लोरपायरीफॉस (Chlorpyrifos) नामक कीटनाशक के अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कंपनी को संबंधित बैच को बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया।

कंपनी ने 24 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि उसे कोट्टायम के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ फूड सेफ्टी के कार्यालय से गेहूं के आटे की एक खेप वापस लेने का आदेश मिला है। यह आदेश 20 जुलाई को जारी हुआ था और कंपनी को 24 जुलाई को प्राप्त हुआ। पतंजलि फूड्स ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल गेहूं के आटे के एक विशेष बैच तक सीमित है और कंपनी के अन्य उत्पाद इससे प्रभावित नहीं हैं।

क्या है क्लोरपायरीफॉस?

क्लोरपायरीफॉस एक ऑर्गेनोफॉस्फेट कीटनाशक है, जिसका इस्तेमाल कृषि फसलों को कीटों से बचाने के लिए किया जाता है। इसके अत्यधिक संपर्क या सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और चक्कर, सिरदर्द तथा पेट संबंधी समस्याएं जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

Patanjali Foods Share में 37% से ज्यादा की गिरावट

इस खबर के बीच पतंजलि फूड्स के शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली। शेयर ₹552 के स्तर से गिरकर करीब ₹344 पर आ गया, यानी इसमें लगभग ₹208.55 की गिरावट दर्ज की गई। स्टॉक अपने हाई लेवल से करीब 37.74% तक टूट चुका है। वहीं, पतंजलि फूड्स का 52-वीक लो ₹328.20 है, जिससे मौजूदा भाव इसके निचले स्तर के काफी करीब कारोबार कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m