Business Desk- Petrol Diesel Price Today : 11 मई, 2026 को कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है. आज, ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.23% बढ़कर $101.29 प्रति बैरल पर पहुंच गई. इसके अलावा, WTI क्रूड की कीमत 0.64% बढ़कर $95.42 प्रति बैरल हो गई.

अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्ताव को लेकर बातचीत टूट जाने के बाद तनाव बढ़ता जा रहा है. दोनों पक्षों ने कई प्रस्तावों का आदान-प्रदान किया है, लेकिन सभी विफल रहे हैं. बातचीत के एक बार फिर विफल होने से अनिश्चितता का माहौल गहराता जा रहा है. क्या इसका भारत में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों पर भी असर पड़ेगा?

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण

अमेरिका ने ईरान को एक शांति प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस पर बातचीत रुक गई है. पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए, ईरान ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए अपना जवाब भेजा है. विशेष रूप से इस प्रस्ताव में एक शर्त शामिल थी कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से परहेज करना होग.

प्रस्ताव सौंपे जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यहां तक कहा था कि ईरान ने इस शर्त को मान लिया है. अब वह परमाणु हथियारों की होड़ में शामिल नहीं होगा. हालाँकि, अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया गया है.

होरमुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी अभी भी जारी है, जिसका असर तेल और गैस की आपूर्ति पर पड़ रहा है. सीमित आपूर्ति और शिपिंग से जुड़े जोखिमों की आशंकाओं के बीच कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं.

भारत में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों की क्या स्थिति है?

भारत में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण सरकारी तेल विपणन कंपनियों पर बढ़ते वित्तीय दबाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. कीमतें अभी भी पिछले दो वर्षों के स्तर पर ही बनी हुई हैं.

हालांकि, हाल ही में एक संबोधन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से ईंधन की खपत कम करने की अपील की थी. रिपोर्टों से यह भी पता चलता है कि भारतीय तेल विपणन कंपनियों को वर्तमान में प्रतिदिन 1,600 से 1,700 करोड़ तक का नुकसान हो रहा है.

देश के अलग-अलग शबरों में पेट्रोल डीजल के दाम

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अलग-अलग स्तरों पर देखी गईं. राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल 94.77 और डीजल 87.67 प्रति लीटर बिक रहा है.

मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.50 और डीजल की कीमत 90.03 प्रति लीटर है. कोलकाता में पेट्रोल 105.45 और डीजल 92.02 प्रति लीटर तक पहुंच गया है.

वहीं, गुड़गांव में पेट्रोल ₹95.30 और डीज़ल ₹88.10 प्रति लीटर बिक रहा है. नोएडा में पेट्रोल की कीमत 95.05 और डीजल की कीमत 88.19 प्रति लीटर है.

दक्षिण भारत के शहरों की बात करें तो, बेंगलुरु में पेट्रोल 102.92 और डीजल 90.99 प्रति लीटर है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 100.95 और डीजल 92.40 प्रति लीटर बिक रहा है.