कुंदन कुमार, पटना। पीएचडी होल्डर्स द्वारा पिछले 21 दिनों से लगातार जारी अनशन आखिरकार एक सकारात्मक मोड़ पर समाप्त हो गया। इस लंबे संघर्ष के दौरान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कुमुद पटेल, जो खुद पिछले 19 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे, उनका अनशन देर रात प्रशासन और अधिकारियों की मौजूदगी में तुड़वाया गया। इस दौरान उनकी मुलाकात सीधे राज्यपाल महोदय से करवाई गई, जहां विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के नए नियम स्थगित
आंदोलनकारियों की सबसे बड़ी मांग असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती से जुड़े नए नियमों को लेकर थी। राज्यपाल के साथ हुई बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया कि फिलहाल असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के नए नियमों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया जाता है। इसके साथ ही, अगले 15 दिनों के भीतर एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा, जो इन नियमों में आवश्यक सुधार और संशोधन पर काम करेगी।

उम्र सीमा और अन्य मांगों पर सकारात्मक विचार
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि पीएचडी होल्डर्स की उम्र सीमा में छूट समेत अन्य सभी प्रमुख मांगों पर पूरी गंभीरता से विचार किया जाएगा। राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री से भी विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई ठोस और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस प्रकार, लंबे संघर्ष के बाद अभ्यर्थियों की मांगों को उचित मंच पर स्वीकार कर लिया गया है।


