प्रमोद निर्मल, मोहला-मानपुर। जिले के अंबागढ़ चौकी नगर व आसपास के गांवों के बीच से गुजरने वाली शिवनाथ नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर से नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। वहीं वन महकमा भी रेस्क्यू और सुरक्षात्मक कवायदों में जुटा हुआ है। यही नहीं वन अमला उस व्यक्ति को भी तलाश रहा है, जिसने सोशल मीडिया में मगरमच्छ की पहली तस्वीर साझा की थी।

दरअसल गुरुवार की शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर में शिवनाथ नदी के पानी में मगरमच्छ तैरता दिखाई दे रहा है। उक्त वायरल तस्वीर का लोकेशन खंगालने पर पता चला कि वायरल तश्वीर अंबागढ़ चौकी नगर और नगर से लगे गौलीटोला गांव के इर्द-गिर्द की है। वहीं तस्वीर में दिख रहा प्राणी भी मगरमच्छ ही है। डीएफओ दिनेश पटेल ने उक्ताशय की पुष्टि की है। डीएफओ के मुताबिक ग्रामीणों के जरिए वन महकमे को नदी में मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिली है। सूचना उपरांत संबंधित क्षेत्र में क्षेत्रीय वन अफसरों, कर्मचारियों को निगरानी में लगा दिया गया है।

narayana

अफसर बोले – मगरमच्छ दोबारा नहीं दिखा, टीम निगरानी कर रही

दूसरी ओर आज शुक्रवार को क्षेत्र के सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी मणिराम पाल अपनी टीम के साथ गौलीटोला क्षेत्र में नदी किनारे निगरानी में तैनात दिखे। देर शाम उन्होंने लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा करते हुए बताया कि जो तस्वीर सामने आई है वह निःसंदेह मगरमच्छ की तस्वीर है। तश्वीर सामने आने के बाद से लगातार नदी में निगरानी की जा रही है। हालांकि मगरमच्छ अभी तक दोबारा नहीं दिखा है। निगरानी के दौरान बड़ी बड़ी मछलियां जरूर तैरते दिखी है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को नदी में निस्तारी, इंसान तथा मवेशियों के नहाने जैसे काम न करने की हिदायत भी दी गई है। साथ ही उस व्यक्ति की पतासाजी भी जारी है, जिसने सोशल मीडिया पर मगरमच्छ की तस्वीर डाली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m