संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आयोजित आईजी-एडीजी (IG-ADG) कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत की। इस महत्वपूर्ण बैठक में गृह विभाग के पिछले ढाई वर्षों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, पुलिस भर्ती और हाल ही में भोपाल में हुई एटीएस (ATS) की बड़ी कार्रवाई को लेकर कई बड़े और कड़े बयान दिए।

बिल में घुसेंगे सपोले तो पुलिस पकड़ने में सक्षम

भोपाल में संदिग्ध आतंकी फराज की गिरफ्तारी और एटीएस (ATS) की मुस्तैदी की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेहद सख्त लहजे में कहा- मध्यप्रदेश पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई कर बहुत बड़ा पर्दाफाश किया है। सीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि “बिल में सपोले घुसेंगे, तो उन्हें पकड़ने के लिए हमारी मध्यप्रदेश पुलिस पूरी तरह सक्षम है। पाकिस्तान से भारत को संकट में खड़ा करने की साजिश रचने वाले आतंकवादियों को दबोचकर पुलिस ने पूरे नेटवर्क और जिहादी मानसिकता को खत्म करने का काम किया है।

नए कानूनों को लागू करने में MP आगे

कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने सबसे पहले नक्सलवाद की परेशानियों को खत्म करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत हुई है, जिससे वहां विकास कार्यों को नई गति मिली है। इसके साथ ही हर परिस्थिति में देश के नए कानूनों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।

गृह विभाग के कार्यों की समीक्षा

बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था और पुलिस की भूमिका को लेकर कई अहम बातें सामने आईं। भोजशाला मामले में माननीय न्यायालय के निर्णय का शांतिपूर्ण पालन कराने में पुलिस की भूमिका बेहद सराहनीय रही। साइबर अपराध को एक नई चुनौती मानते हुए सीएम ने कहा कि इससे निपटने के लिए विशेष और आधुनिक प्रयास लगातार जारी हैं। प्रदेश में 8 साल बाद सब-इंस्पेक्टर (SI) की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग के अन्य सभी स्वीकृत रिक्त पदों पर भी जल्द ही भर्तियां की जाएंगी।

हार के बाद संस्थाओं पर आरोप लगाना बंद करे

राजनीतिक घटनाक्रम पर बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार का सामना करने के बाद कांग्रेस बौखलाहट में चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगा रही है। कांग्रेस को दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपनी गलतियों का आत्ममंथन करना चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए।

सुशासन को करेंगे और मजबूत
मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के अब तक के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विकास के इस क्रम में पुलिस की भूमिका सबसे अहम है। आने वाले समय में प्रदेश में सुशासन और कानून के राज को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m