पटना। जिले के फुलवारी शरीफ इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घरेलू उपभोक्ता सुबह-सुबह गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि सप्लाई वाला ट्रक अभी तक नहीं आया है। इस सूचना से नाराज करीब 300 लोग खाली सिलेंडर लेकर सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और लोगों ने करीब 2 किलोमीटर तक सड़क जाम कर दी। सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच हुए इस प्रदर्शन के कारण पटना एम्स के पास नवादा मोड़ काली मंदिर के नजदीक नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे ऑफिस जाने वाले, मरीजों और आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
डिलीवरी में लगातार देरी होती है
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्हें गैस बुकिंग का मैसेज समय पर मिल जाता है, लेकिन डिलीवरी में लगातार देरी होती है। कई लोग सुबह से लाइन में खड़े थे, फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया। एजेंसी के गोदाम पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। समय-समय पर गैस की किल्लत होती रहती है और नंबर आने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलना आम बात हो गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों पर मनमानी और कालाबाजारी के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि कुछ जगहों पर ऊंचे दामों पर चोरी-छिपे सिलेंडर बेचे जा रहे हैं, जबकि पंजीकृत ग्राहकों को समय पर आपूर्ति नहीं मिल रही।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। थाना प्रभारी गुलाम सहवाज आलम ने बताया कि लोगों को आश्वासन दिया गया है कि ट्रक आते ही गैस का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। वहीं एजेंसी मालिक ने कहा कि भुगतान पहले ही किया जा चुका है, लेकिन ट्रक के देर से आने के कारण यह स्थिति बनी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

