भोपाल। प्रधान आरक्षक (कम्‍प्‍यूटर) और सहायक उप निरीक्षक (कम्‍प्‍यूटर) के कुल 89 पदों पर भर्ती के लिए अगले चरण का ऐलान हो गया है। 7 से 9 जून तक सफल उम्‍मीदवार की शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Proficiency Fest) होगी। अभ्‍यर्थियों की 800 मीटर दौड़ और दस्‍तावेजों का परीक्षण भोपाल के लाल परेड ग्राउंड और जबलपुर के परेड ग्राउंड, 6वीं वाहिनी विसबल, रांझी में आयोजित किया जाएगा।

सहायक पुलिस महानिरीक्षक चयन/भर्ती गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा के अगले चरण के लिए सूचना पत्र जारी कर दिया गया है। सफल उम्मीदवार मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से सूचना पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थियों को उनकी निर्धारित तारीख पर ही पहुंचना जरूरी है। उम्मीदवारों को शारीरिक प्रवीणता के लिये जो तारीख व स्थान सूचित किया जा रहा है, उस तारीख व स्थान में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: MP Forest Guard-Jail Guard Bharti : वन और जेल विभाग की संयुक्त भर्ती परीक्षा की तारीख में बदलाव, तैयारी के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय

आधार ई-केवायसी का सत्यापन

आपको बता दें कि शारीरिक दक्षता चयन के विभिन्न चरणों में आधार ई-केवायसी का सत्यापन कराया जाएगा। इसलिए अभ्‍यर्थी अपना आधार कार्ड साथ लेकर जाएं। अभ्यर्थी यह भी ध्यान रखें कि उनका आधार नंबर उनके द्वारा लॉक न कर दिया गया हो। वहीं दस्तावेज परीक्षण के लिए उम्मीदवारों के सभी मूल आवश्यक प्रमाण-पत्र, उनकी स्वयं प्रमाणित छायाप्रति के साथ पहुंचना जरूरी है।

गौरतलब है कि मध्‍यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने प्रधान आरक्षक (कम्‍प्‍यूटर) और सहायक उप निरीक्षक (कम्‍प्‍यूटर) के कुल 89 पदों पर भर्ती निकाली थी। इसके लिए 24 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसका परिणाम 8 मई 2026 को वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर जारी किया जा चुका हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m