चंडीगढ़: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग यानी एचएसएससी की पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर आई है। हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए होने वाले फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट यानी पीएसटी की तारीख का ऐलान हो गया है। यह टेस्ट आगामी 15 जून से शुरू होने जा रहा है। आयोग ने पीएमटी परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की शुरुआती 6 दिनों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही पीएसटी का पूरा शेड्यूल और एडमिट कार्ड भी डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध करा दिए हैं। बाकी बचे हुए अभ्यर्थियों की रोल नंबर लिस्ट और उनके एडमिट कार्ड बाद में आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की भारी मांग पर सुबह की शिफ्ट में दौड़ कराने का बड़ा फैसला
इस फिजिकल टेस्ट को लेकर दो दिन पहले ही एचएसएससी ने उम्मीदवारों से एक ऑनलाइन सर्वे के जरिए उनकी राय मांगी थी। आयोग जानना चाहता था कि इतनी गर्मी के मौसम में फिजिकल टेस्ट एक ही शिफ्ट में कब कराया जाए। इस सर्वे में रिकॉर्ड 32087 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया और अपने सुझाव दिए। सर्वे के नतीजों में करीब 72.6 फीसदी अभ्यर्थियों ने सुबह की शिफ्ट में दौड़ कराने की वकालत की। वहीं केवल 27.4 फीसदी युवा ही शाम की शिफ्ट के पक्ष में दिखे। युवाओं के इसी भारी रुझान को देखते हुए आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग के चेयरमैन ने राय देने वाले सभी उम्मीदवारों का धन्यवाद भी किया है।
सुबह पांच बजे से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट
युवाओं के सुझावों पर मुहर लगाते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अब पीएसटी को पूरी तरह से सुबह की शिफ्ट में करवाने का टाइम टेबल तय किया है। यह मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 5 बजे शुरू हो जाएगी और सुबह साढ़े 9 बजे तक चलेगी ताकि कड़कड़ाती धूप और गर्मी से पहले ही दौड़ पूरी हो सके। आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग टाइम पर ही पहुंचना होगा। दौड़ शुरू होने के तय समय से ठीक आधा घंटा पहले एंट्री गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी सूरत में मैदान के भीतर एंट्री नहीं मिलेगी।

