ड्यूटी खत्म होने के बाद रुके थे कर्मचारी, मौत से पहले पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए 95 हजार रुपये; CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
बोकारो। झारखंड के बोकारो सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र कुमार महतो का शव गुरुवार देर रात अस्पताल के फिजियोथैरेपी कक्ष में सीलिंग फैन से फंदे पर लटका मिला। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मृतक वीरेंद्र कुमार महतो सेक्टर-1 स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ रहते थे और मूल रूप से गोमिया प्रखंड के पचमो गांव के निवासी थे। पुलिस नगर उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ड्यूटी के बाद अस्पताल में ही रुके
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि वीरेंद्र कुमार की ड्यूटी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब अस्पताल का गार्ड फिजियोथैरेपी कक्ष बंद कराने पहुंचा तो उन्होंने कहा कि वह स्वयं कमरा बंद कर देंगे। इसके बाद वह कमरे में ही रुके रहे।
जांच में सामने आया है कि शाम 5:22 बजे उन्होंने अपने बैंक खाते से 95 हजार रुपये पत्नी के खाते में ट्रांसफर किए। इसके कुछ मिनट बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया।
पत्नी के फोन के बाद शुरू हुई तलाश
जब देर रात तक वीरेंद्र कुमार घर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी ने उनके सहकर्मियों से संपर्क किया। तलाश के दौरान अस्पताल के फिजियोथैरेपी कक्ष में उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि थेरेपी सेंटर का दरवाजा खुला मिला, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की होगी जांच
पुलिस अब अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच करेगी। साथ ही परिजनों, सहकर्मियों और अस्पताल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
जिम्मेदार और समय के पाबंद थे कर्मचारी
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि वीरेंद्र कुमार गुरुवार को अपने गांव से सीधे ड्यूटी पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह बेहद अनुशासित, समय के पाबंद और अपने काम के प्रति समर्पित कर्मचारी थे। देर शाम सफाईकर्मियों ने फिजियोथैरेपी कक्ष का दरवाजा खुला देखा। संदेह होने पर अंदर जाने पर उनका शव फंदे से लटका मिला।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


