परवेज खान, शिवपुरी। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में आ गए है। इस बार प्रीतम लोधी ने 15 लाख के इनामी रहे दुर्दान्त डकैत राम बाबू गड़रिया को अपना भाई बताते हुए उसकी जमकर तारीफ कर डाली।
प्रीतम लोधी ने कहा, ‘मैंने हमेशा डकैत राम बाबू गड़रिया का साथ दिया है। वह मेरे सुख-दुख का साथी था, मेरा भाई था। आज मुझे राम बाबू की फ़ोटो पर माला अर्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और यह मेरे लिए गर्व की बात है।’
बता दें कि विधायक प्रीतम लोधी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर बघेल समाज के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में पहुचे थे। इस दौरान प्रीतम लोधी ने मंच पर अहिल्याबाई होलकर की फोटो के साथ साथ रखी गई डकैत राम बाबू गड़रिया की फोटो पर भी फूल माला चढ़ाई।
गौरतकब है कि 15 लाख के इनामी डकैत राम बाबू गड़रिया पर हत्या, लूट, अपहरण के 100 से भी ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस फाइल में उसे टी वन (टारगेट वन) पर रखा गया था। उस पर कई सामूहिक हत्या के मामले भी दर्ज हैं। वह फिरौती के लिए टीचर से लेकर रेलवे इंजीनियर तक का अपहरण कर चुका था।

