उमेश यादव, सागर। पुरुषोत्तम मास की पवित्र सोमवती अमावस्या के दिन नर्मदा नदी में स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। गौरझामर के पास मालवाहक वाहन (छोटा हाथी) डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने दो यात्रियों को कुचल दिया, जिसमें दोनों की मौके पर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
मृतक दोनों पति-पत्नी बताए जा रहे हैं।
- हल्लू उर्फ कीरत (55 वर्ष)
- कल्लो (50 वर्ष)
दोनों ग्राम सेमरा अटा, सागर के निवासी थे।
इस हादसे में कुल 11 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर घायलों को आगे इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है।
गंभीर घायल:
- मोनू (33 वर्ष, चालक, पिता: जीवन सिंह लोधी)
- पप्पू (40 वर्ष)
अन्य घायल:
अंगूरी (42), रामा बाई (60), सुशीला बाई (60), राघवेंद्र (27), सखी लोधी (50), वैशाली (17), मुस्कान (14) सहित अन्य। सभी ग्राम सेमरा अटा के निवासी हैं।
8 वर्षीय शिवानी चमत्कारिक ढंग से बची
इस दुर्घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वाहन में सवार 8 वर्षीय बालिका शिवानी को खरोच तक नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शी शिवानी ने बताया कि “चालक को नींद आ रही थी, जिसकी वजह से वाहन पुलिया से टकराकर पलट गया।”
प्रशासन पहुंचा मौके पर
सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया, नायब तहसीलदार आर. चौधरी और थाना प्रभारी हरिराम मानकर पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों को हर संभव स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक की नींद आने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

