प्रवीण साहू, अभनपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर आ रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक पुल से नीचे गिरे, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे, उसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे।

हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल सुनील जैन को भी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

महानदी पुल पर लगा लंबा जाम

भीषण हादसे के बाद महानदी पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुल पर यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।

पिकअप चालक भी हुआ अचेत

हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया था। उसे नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H