राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। देवास जिले के बागली अंतर्गत कांटाफोड़ थाना पुलिस ने एलएनटी (L&T) कंपनी से पाइप चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धरदबोचा है। इनके पास से चोरी किए गए लोहे के पाइप और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी सहित करीब 5 लाख रुपए का मशरुका (सामान) जब्त किया गया है।

14 मई को दर्ज हुई थी शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 14 मई का है, जब कंपनी प्रबंधन द्वारा पाइप चोरी होने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में कबूला जुर्म, चार आरोपी अब भी फरार

पुलिस हिरासत में जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने तुमड़ीखेड़ा के पास से एलएनटी कंपनी के पाइप चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।हालांकि, इस मामले में चोरी का माल खरीदने वाले चार अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह पूरी सफल कार्रवाई कांटाफोड़ थाना प्रभारी अराधना रायकवार के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m