अनुज पांडेय, गोपालगंज। जन सुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर ने गोपालगंज के श्याम वाटिका में आयोजित सारण शिक्षक संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अफाक अहमद के पक्ष में वोट की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे जातियों और दलों से ऊपर उठकर अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए मतदान करें।
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में मुख्य रूप से शिक्षकों के 7वें वेतनमान और युवाओं के रोजगार के मुद्दों पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से शिक्षक आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन किसी ने इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला। जब उन्होंने इस मुद्दे को उठाकर हेल्पलाइन जारी की, तो महज कुछ ही समय में हजारों शिक्षकों ने मिस कॉल के जरिए अपनी सहमति जताई।
6 लाख शिक्षकों की एकजुटता पर जोर
पीके ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि बिहार के 6 लाख शिक्षक एकजुट हो जाएं, तो राज्य के किसी भी दल की सरकार को उनकी मांगें मानने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलवाना उनका मुख्य जिम्मा है, क्योंकि दिल्ली की सत्ता हासिल करने के लिए राजनीतिक दलों को बिहार में जीतना जरूरी है और शिक्षकों के समर्थन के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने एनडीए और आरजेडी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने शिक्षकों को उनका हक नहीं दिया।

10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी का संकल्प
रोजगार के मुद्दे पर बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर की तर्ज पर वे गोपालगंज और अन्य क्षेत्रों में भी 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का काम करेंगे। उनके इस अभियान का असर अब दिखने लगा है, जिससे अन्य दल और सरकार भी रोजगार मेलों का आयोजन करने को विवश हो रहे हैं। इस संवाद कार्यक्रम में प्रत्याशी अफाक अहमद, जिला अध्यक्ष अजय प्रसाद, महासचिव वीरेंद्र राय, महिला अध्यक्ष वीना शर्मा, चुनाव प्रभारी ज्योति जयंती, संजय सुमन, राधा रमन मिश्रा, राजू बैठा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी फैज अहमद, चुनाव पर्यवेक्षक तथागत हर्षवर्धन और सारण प्रमंडल प्रभारी डॉ. शाहनवाज आलम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

