प्रवीण साहू, अभनपुर। ग्राम पंचायत कुर्रा के वार्ड क्रमांक 04 में सीसी रोड एवं अंडरग्राउंड नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। लंबे समय से मांग और आवेदन दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। विरोध का अनोखा अंदाज भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने जिम्मेदार प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए गली के कुत्ते को ज्ञापन सौंप दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड क्रमांक 04 में सड़क, जल निकासी, कीचड़ और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों को लेकर पूर्व में ग्राम पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार आवेदन और ध्यानाकर्षण कराया जा चुका है। इसके बावजूद सीसी रोड एवं अंडरग्राउंड नाली निर्माण की मांग अब तक पूरी नहीं हुई है। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व में लगातार मांग की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते ग्रामीणों ने 2 अक्टूबर को शांतिपूर्ण एवं अहिंसक तरीके से भूख हड़ताल/अनशन पर बैठने का निर्णय लिया।


मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे ग्रामीण
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 04 में सीसी रोड एवं अंडरग्राउंड नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर तत्काल काम शुरू कराया जाए। साथ ही कार्य प्रारंभ होने की निश्चित समय-सीमा लिखित रूप से देने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि तत्काल सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो ग्रामीण अपना आंदोलन आगे बढ़ाएंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य प्रशासन के समक्ष अपनी मूलभूत समस्या को शांतिपूर्ण तरीके से रखना है।
कुत्ते को ज्ञापन सौंपकर जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिस अंदाज में ज्ञापन सौंपा वह चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों ने गली के कुत्ते को ज्ञापन देकर प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रतीकात्मक कटाक्ष किया। ग्रामीणों का कहना था कि जब बार-बार आवेदन और शिकायतों के बावजूद उनकी आवाज जिम्मेदारों तक नहीं पहुंच रही है तो मजबूर होकर उन्होंने यह प्रतीकात्मक तरीका अपनाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर सीसी रोड और अंडरग्राउंड नाली निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर, जनपद पंचायत अभनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा थाना प्रभारी गोबरा नवापारा को भी दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

