Business Desk – PM Kisan 23rd Installment : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) योजना की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि किसानों के बैंक खातों में अगले हफ्ते 2,000 रुपए की किस्त ट्रांसफर की जा सकती है.

इन दावों ने किसानों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है, हालांकि केंद्र सरकार की ओर से अभी तक 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. ऐसे में किसानों को केवल सरकारी सूचना पर ही भरोसा करने की सलाह दी जा रही है.
18 जून की तारीख क्यों हो रही है वायरल?
सोशल मीडिया पर 18 जून को पीएम किसान की अगली किस्त जारी होने की चर्चा तेज है. इसकी वजह साल 2024 का रिकॉर्ड है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जून को योजना की 17वीं किस्त जारी की थी. 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में राशि भेजी गई थी.
इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार भी 18 जून को 2,000 रुपए की किस्त आ सकती है. हालांकि, जब तक केंद्र सरकार या कृषि मंत्रालय आधिकारिक घोषणा नहीं करता, तब तक इसे केवल अटकल माना जाना चाहिए.
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपए की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है.
योजना की शुरुआत 1 दिसंबर 2018 से हुई थी, जबकि पहली किस्त 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी. तब से अब तक करोड़ों किसान इस योजना का लाभ उठा चुके हैं.
फर्जी मैसेज और साइबर ठगी से रहें सावधान
पीएम किसान योजना की किस्त के नाम पर साइबर ठगी के मामले भी बढ़ रहे हैं. किसानों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी वायरल मैसेज, फर्जी लिंक या अनजान कॉल पर भरोसा न करें. योजना से जुड़ी सही जानकारी केवल आधिकारिक पोर्टल और सरकारी माध्यमों से ही प्राप्त करें.
अगर किस्त नहीं आती है या किसी प्रकार की समस्या होती है, तो किसान पीएम किसान हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 155261 और 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा अपने नजदीकी कृषि कार्यालय से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है.

