Business Desk – PM Kisan 23rd Installment : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Yojana) की 23वीं किस्त का इंतजार देश के करोड़ों किसान कर रहे हैं. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से वायरल हो रहा है कि 18 जून 2026 को किसानों के खातों में 2,000 रुपए की अगली किस्त भेजी जाएगी. लेकिन क्या यह दावा सच है? क्या सरकार ने इस तारीख का ऐलान कर दिया है? आइए जानते हैं पूरी सच्चाई.

क्या 18 जून को जारी होगी 23वीं किस्त?
सोशल मीडिया पर 18 जून की तारीख को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. इसकी वजह यह है कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जून 2025 को पीएम किसान योजना की एक किस्त जारी की थी. इसी आधार पर लोग अनुमान लगा रहे हैं कि इस बार भी 18 जून को 23वीं किस्त जारी हो सकती है.
हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार या कृषि मंत्रालय की ओर से 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. यानी 18 जून को किस्त आने की खबर फिलहाल सिर्फ अटकलों पर आधारित है.
आखिर अगली किस्त कब आ सकती है?
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को किसानों के खातों में भेजी गई थी. इस योजना के तहत हर साल किसानों को 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में 2,000-2,000 रुपए करके दी जाती है. 22वीं किस्त आए लगभग तीन महीने हो चुके हैं. योजना के पैटर्न को देखें तो अगली किस्त जुलाई 2026 में जारी होने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है. हालांकि, अंतिम फैसला केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
अभी से पूरे कर लें जरूरी काम
चूंकि अगली किस्त की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, इसलिए किसानों के पास जरूरी काम पूरे करने का समय है. अगर कोई जरूरी प्रक्रिया अधूरी रह गई, तो किस्त अटक सकती है. किसानों को यह जांच लेना चाहिए कि उनका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं. इसके अलावा अगर ई-केवाईसी (e-KYC), भू-सत्यापन (Land Verification) या बैंक खाते को आधार से लिंक करने का काम बाकी है, तो उसे जल्द पूरा कर लेना चाहिए.
लाभार्थी सूची में अपना नाम कैसे देखें?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम पीएम किसान योजना की लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो यह काम घर बैठे किया जा सकता है. सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां Farmers Corner के विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद Beneficiary List का विकल्प चुनें.
अब अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का नाम चुनें. इसके बाद Get Report पर क्लिक करते ही आपके क्षेत्र के लाभार्थियों की सूची खुल जाएगी. इस सूची में आप अपना नाम आसानी से देख सकते हैं. अगर आपका नाम सूची में नहीं है, तो जरूरी दस्तावेज और प्रक्रियाएं पूरी करके इसे दोबारा जुड़वाया जा सकता है.
किसानों के लिए क्या है जरूरी सलाह?
फिलहाल 18 जून को 23वीं किस्त जारी होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए सोशल मीडिया पर चल रहे दावों पर आंख बंद करके भरोसा करने की बजाय सरकार की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें. साथ ही, ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग, भू-सत्यापन और लाभार्थी सूची में नाम की जांच जैसे जरूरी काम समय रहते पूरे कर लें, ताकि अगली किस्त आने पर आपके खाते में बिना किसी परेशानी के 2,000 रुपए पहुंच सकें.

