PM Modi Live: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल से जुड़ा संशोधन विधेयक गिरने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करने वाले हैं. पीएम मोदी लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के गिरने को लेकर विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है. इससे पहले तमिलनाडु में थोड़ी देर पहले इस बिल के पारित न होने का जिम्मेदार उन्होंने विपक्ष को ठहराया था. पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष ने नारी शक्ति की उड़ान को रोकने का काम किया है. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपने स्वार्थ की वजह से इस बिल को पारित नहीं होने दिया. पीएम मोदी ने कहा कि देश की नारी शक्ति सब देख रही है, बिल गिरा तो मुझे बहुत दुख हुआ.

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया और उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई और नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो सका.

माताओं-बहनों से क्षमाप्रार्थी हूं – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने के लिए आया हूं. आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया. उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया. हमारे भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए. नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं हो पाया. मैं इसके लिए सभी माताओं-बहनों से क्षमाप्रार्थी हूं.’

दलों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान नारी शक्ति को हुआ – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है.’ पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है. लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दलहित सब कुछ हो जाता है, दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को, देशहित को… इसका खामियाजा उठाना पड़ता है. इस बार भी यही हुआ है.’

प्रधानमंत्री ने कहा- विधेयक किसी से कुछ छीन नहीं रहा था

प्रधानमंत्री ने कहा, “विधेयक किसी से कुछ छीन नहीं रहा था. ये तो हर किसी को कुछ न कुछ देने का था. ये 40 साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के चुनाव में नारी का हक देने का संशोधन था. ये नारी को नया अवसर, नई उड़ान देने और उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञ था. ये साफ नीयत और इमानदारी के साथ किया गया पवित्र प्रयास था.”

प्रधानमंत्री ने विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा, “कल जब विधेयक पारित नहीं हुआ तो कांग्रेस, DMK और समाजवादी जैसी पार्टियां खुश हो रही थीं. मेज थपथपा रही थी. नारी सबकुछ भूल सकती है, लेकिन अपना आत्मसम्मान नहीं भूल सकती. कल जब देश की नारी इन लोगों को देखेंगी, तो कहेंगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में नारी शक्ति का विरोध किया था. जिन्होंने कल संसद में इसका विरोध किया उनमें मैं कहूंगा कि ये लोग नारी शक्ति को हल्के में ले रहे हैं.

विपक्ष ने हमारे प्रयास की भ्रूण हत्या कर दी- प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने कहा, “ये संसद में सभी राज्यों को अधिक शक्ति और समान अनुपात में शक्ति बढ़ाने की कोशिश थी. राज्य छोटा हो, बड़ा हो, दक्षिण का हो, भारत का हो, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस प्रयास की भ्रूण हत्या कर दी है. कांग्रेस, DMK, TMC जैसे दल इस के अपराधी है. ये देश की नारी शक्ति के अपराधी है. कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है. उसने हमेशा से षडयंत्र किए हैं.”

‘विपक्षियों को जरूर मिलेगी सजा’

पीएम मोदी ने कहा कि देश की नारी जब अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी तो याद रखेगी कि इन्हीं लोगों ने महिला आरक्षण को संसद में रोकने का काम किया. जिन दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया उनसे मैं दो टूक कहूंगा- ये लोग नारी शक्ति को फॉर ग्राटेंड ले रहे हैं. यह लोग भूल रहे हैं कि 21 सदी की नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही हैं. वो उनकी मंशा भाप रही हैं और सच्चाई भी भली-भांति जान चुकी हैं. इसलिए महिला आरक्षण विरोध करके, जो पाप विपक्ष ने किया है. इसलिए उन्हें सजा जरूर मिलेगी. इन दलों ने संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान किया है और जनता द्वारा इसकी सजा से बच नहीं पाएंगे.

‘नारी कभी नहीं भूलतीं अपना अपमान’

उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति का प्रस्ताव गिरा तो कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थीं. महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजे थपथपा रहे थे. उन्होंने जो किया, वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वो नारी के स्वाभिमान पर उनके आत्मसम्मान पर चोट थी. उन्होंने कहा कि नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती है.

हमारा आत्मबल अजेय है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं देश की नारी शक्ति को विश्वास दिलाता हुआ कि इसके विरोध में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे. कल हमारे पास संख्या बल नहीं था, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम हार गए हैं. हमारा आत्मबल अजेय है. हमारे पास आगे भी और मौके आएंगे.

विपक्ष की वजह से लोकसभा में गिर गया था महिला अरक्षण बिल

बता दें कि, महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन बिल पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत थी. लोकसभा में इस बिल पर कुल 528 वोट पड़े. बिल को पारित कराने के लिए सरकार को 352 वोट की जरूरत थी, लेकिन इसके पक्ष में 298 वोट ही पड़े. ऐसे में 54 वोटों के अभाव से ये बिल गिर गया था. इसे लेकर ही पीएम मोदी विपक्षी दलों पर जमकर बरस रहे हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m